भालू ने नोच डाला आईपीएच कर्मचारी

काईस (कुल्लू)। काईस पंचायत के घौठ गांव में भालू के हमले में आईपीएच कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक कर्मचारी पानी छोड़कर वापस आ रहा था। रास्ते में भालू से सामना हो गया। कर्मचारी को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में दाखिल करवाया गया है।
आईपीएच कर्मचारी मीने राम के परिजनों ने बताया कि मीने रामे पौटाआगे के पास आईपीएच टैंक में दवाई डालने और पानी सप्लाई छोड़ने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान भालू ने उन पर हमला बोल दिया। इसमें सिर, गले और बाजू में गंभीर चोटें आई हैं। भालू के आतंक से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन्य प्राणी विभाग से भालू के हमले से घायल व्यक्ति को मुआवजा देने की मांग की है। वहीं वन्य प्राणी विभाग कुल्लू के डीएफओ सुमित भारद्वाज ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के एसएमओ डा. कमल कपूर ने बताया कि भालू के हमले से घायल व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं।

Related posts