भारी बारिश से लाहौल में लाखों की फसल तबाह

केलांग (लाहौल-स्पीति)। भारी बारिश से लाहौल घाटी में लोग दहशत में हैं। शनिवार को घाटी के नैनगाहर और ग्वाड़ी में भारी बारिश से लाखों का नुकसान हुआ है। ग्वाड़ी गांव में मटर, आलू और सब्जियों से लदे खेत तबाह हो गए हैं। चोखंग-नैनगाहर सड़क मार्ग का लगभग 100 मीटर हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। नैनगाहर पुल की नींव हिल गई है। रविवार को ग्वाड़ी गांव के महिलाओं का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त लाहौल-स्पीति के आवास में मिला।
वहीं, विधायक ने जिला प्रशासन को क्षतिग्रस्त हुए खेतों और सड़क का जायजा लेकर पीड़ित परिवारों को उचित राहत राशि जारी करने के निर्देश दिए हैं।
ग्वाड़ी महिला मंडल प्रधान सोनम पालमों, सदस्य कमला देवी, ऊषा, बवीता, सोनम आंगमो, हीरा देवी, रिगजिन डोलमा, अंजू ने बताया कि बाढ़ के कारण मटर, आलू और सब्जियां खेतों में ही तबाह हो गई हैं। नैनगाहर पुल की नींव बाढ़ के कारण हिल गई है। 100 मीटर सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। ग्वाड़ी गांव के अमर और राजू का कहना है कि उनकी 40 बीघा भूमि से मटर की खेती तबाह हो गई है। महिलाओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि चोखंग-नैनगाहर मार्ग को जल्द बहाल किया जाए। उन्हें फसलों का उचित मुआवजा राशि प्रदान की जाए।
लोनिवि चिनाव डिविजन के अधिशासी अभियंता हिमांशु बिष्ट ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग ने चोखंग-नैनगाहर मार्ग पर जेसीबी तैनात कर दी है। फसलों को मंडियों तक पहुंचाने के लिए विभाग मार्ग को जल्द बहाल करेगा।

लाहौल-स्पीति के उपायुक्त बीर सिंह ठाकुर का कहना है कि लाहौल की मयाड़ घाटी में आलू और मटर की फसल को हुए नुकसान के मुआवजे को लेकर रविवार को उनके आवास पर ग्वाड़ी गांव की महिलाएं उनसे मिलीं। फसल के हुए नुकसान का आकलन कर मुआवजे को लेकर रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी।

Related posts