
ऊना। जिले में मंगलवार देर सायं से चल रहा बारिश का क्रम वीरवार को भी बदस्तूर जारी रहा। वीरवार को बरसे मेघों ने लोगों मुसीबतों में डाले रखा। वीरवार सुबह लगभग सात बजे शुरू हुई बारिश बाद दोपहर ढाई बजे तक जारी रही। इसके चलते कुछ स्थानों पर घरों और दुकानों में पानी घुसने के अतिरिक्त खेतों में लहलहाती सब्जियां भी पानी में डूब गईं। जिला मुख्यालय के कुछ घरों में घुसे पानी को बाहर निकालने के लिए दमकल विभाग को मोर्चा संभालना पड़ा, जबकि शहर के अरविंद मार्ग की पार्किंग के ऊपर बनाई मार्केट में भी घुसे पानी ने दुकानदारों का हजारों रुपये का नुकसान कर डाला है। इसके अतिरिक्त शहर के उपायुक्त कार्यालय परिसर, नगर परिषद कार्यालय क्षेत्र, फ्रेंड्स कालोनी, नया बस अड्डा, पुराना बस अड्डा और झलेड़ा मार्केट में भी कई दुकानों और मकानों में पानी घुस गया।
वीरवार सुबह शुरू हुई भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी की निकासी व्यवस्थित करने के दावे हवा हो गए। शहर के कई घरों में पानी घुस गया। दमकल विभाग की गाड़ियां इधर-उधर बचाव कार्यों के चलते भागती रहीं। वहीं, नगर परिषद की ओर से बनाई गई मार्केट की कई दुकानाें में भी पानी भरने के कारण काफी नुकसान हो गया है। उधर, जिला मुख्यालय के बस अड्डा स्थित पुलिस चौकी के रिकार्ड रूम में भी पानी भरने के कारण पूरा रिकार्ड खराब हो गया है। ईसपुर स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र में भी पानी घुसने के कारण काफी नुकसान हो गया है। बाद दोपहर थमी बारिश के बाद जिले के लोगों ने राहत की सांस ली है।
