
ऊना। जिला में भारी बारिश ने एक बार फिर जमकर तबाही मचाई। शुक्रवार दोपहर से शुरू हुई मुसलाधार बारिश का क्रम देर शाम तक लगातार जारी रहा। जिससे जनजीवन पूरी अस्त व्यस्त हो गया। जिला मुख्यालय के पुराना बस अड्डा, फ्रेंड्स कालोनी में तीन-तीन फीट तक पानी घरों एवं दुकानों में घुस गया। वहीं साथ लगते क्षेत्रों में नंगड़ा, जनकौर, बराना आदि क्षेत्रों में बरसाती पानी घरों में घुसा। जिससे लोगों को भारी दिक्कतों से दो चार होना पड़ा। बारिश के चलते खेतों में फसलों को भारी क्षति पहुंची है। खेतों में लहरा रही मक्की की फसल ताश के पत्तों की तरह ढेर हो गई है। वहीं कई खेत तलाब के रूप में तबदील हो गए है। जिला की सहायक खड्डों का जलस्तर एकाएक बढ़ गया है। स्वां नदी किनारे राई परिवारों की ओर से उगाई गई करेला, टमाटर, घिया, कद्दू, भिंड़ी, मटर आदि सब्जियां भी पानी की चपेट में आने से खराब होने की कगार पर पहुंच गई है। जिससे राई परिवारों ने भारी आर्थिक हानि होने की आशंका जताई है। उधर मौसम विभाग के कार्यकारी विनोद शर्मा के मुताबिक अगले एक दो दिनों में भारी बारिश होने की प्रबल संभावनाएं है।
