भारत ने सिंधु समझौता तोड़ा तो इसे हमला माना जाएगा: पाकिस्तान

उड़ी आतंकी हमले के बाद भारत के सिंधु नदी समझौते की समीक्षा करने से पाकिस्तान में भारी बौखलाहट है। पाकिस्तान के राजनीतिक दलों ने कहा है कि भारत सिंधु संधि को तोड़ने का एकतरफा फैसला नहीं कर सकता है। पाक नेताओं ने कहा कि संधि तोड़ना पाकिस्तान पर हमला माना जाएगा। इस्लामाबाद में हुई सर्वदलीय बैठक में पाकिस्तान के नेताओं ने भारत पर बलूचिस्तान में दखल देने का आरोप भी लगाया।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई राजनीतिक और संसदीय दलों के नेताओं की बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में भारत की ओर से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में की गई सर्जिकल स्ट्राइक की भी निंदा की गई। साथ ही भारत पर सीमा पर संघर्ष विराम का बार-बार उल्लंघन करने का आरोप भी लगाया गया।

पाक नेताओं ने कहा कि इससे क्षेत्रीय शांति को खतरा है। विशेष बैठक में नवाज शरीफ और वरिष्ठ मंत्रियों की ओर से नेताओं को एलओसी के ताजा हालात की जानकारी दी गई। मालूम हो कि भारत ने पीओके में सर्जिकल स्ट्राइल कर कई आतंकी लांच पैड को नष्ट कर दिया था। बैठक में पाक नेताओं ने दावा किया कि भारत कश्मीर के हालात से दुनिया का ध्यान बंटाने के लिए इस तरह की कार्रवाई कर रहा है। वहीं, पाक नेताओं ने कहा कि यदि भारत सिंधु नदी समझौते को तोड़ने जैसा कोई कदम उठाता है तो यह पाकिस्तान पर हमला माना जाएगा।

इस बैठक में नवाज का विरोध कर रहे नेता इमरान खान शामिल नहीं हुए लेकिन उनकी पार्टी के प्रतिनिधि व पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी मौजूद थे। बैठक में विपक्षी दलों के नेताओं ने पाक सरकार से एकजुटता दिखाई और कहा कि पाकिस्तान कश्मीरी लोगों का समर्थन करता रहेगा।

Related posts