भारत जागो दौड़’ में दौड़ा शहर

नोएडा। स्वामी विवेकानंद सार्धशती समिति की ओर से आयोजित ‘भारत जागो दौड़’ में नोएडावासी जमकर दौड़े। शहर के तीन मुख्य स्थानों से रविवार सुबह इस दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें हर तबके के लोग शामिल हुए। दौड़ का मकसद देश की तरक्की के लिए लोगों को एकजुट करना और एक मंच पर लाना रहा। आयोजकों के मुताबिक करीब बीस हजार लोग इसमें शामिल हुए। सुबह 7:30 बजे नोएडा स्टेडियम के गेट नंबर-4 पर समिति सदस्यों के अलावा स्थानीय लोग जुटे। दौड़ शुरू होने से पहले बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद विधायक डॉ. महेश शर्मा ने झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की। यहां से दौड़ शुरू होकर चौड़ा मोड़, स्टेडियम के गेट नंबर-1, सेक्टर-21/25 के मुख्य मार्ग से होती हुई वापस गेट नंबर-4 पर पहुंची। समिति की ओर से जनक भाटिया, मधुसूदन दादू, केशव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसी समय स्टेलर ग्रीन पार्क में क्रिकेटर आरपी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ शुरू कराई। यहां दौड़ में शामिल लोगों ने गोल्फ कोर्स का एक चक्कर लगाया। इस मौके पर समिति की ओर से संयोजक राजेंद्र कुमार शर्मा, सुरेंद्र चौहान, महेश चौहान, राजेंद्र चौहान, विनोद कौशिक सहित कई अन्य मौजूद रहे। इसके अलावा सेक्टर-71 बी ब्लॉक पार्क से सुरेश चौहान ने हरी झंडी दिखा कर लोगों को रवाना किया, जो सेक्टर-62 के रास्ते होते हुए सेक्टर-53, 61 से वापस सेक्टर-71 के पार्क पहुंचे। यहां दुर्गा प्रसाद मुखर्जी, विनोद चौहान, युद्धवीर, पवन गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।

विजेता बच्चों को मिला पुरस्कार
इस मौके पर स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम हुआ। यह प्रतियोगिता कुछ समय पहले कराई गई थी। पहले, दूसरे और तीसरे विजेताओं को टैबलेट, साइकिल और बैग दिया गया।

देश को एकजुट करना है मकसद
स्वामी विवेकानंद का सपना था कि देश एकजुट रहे और तरक्की की ओर बढ़े। लिहाजा समिति की ओर से नोएडावासियों को एकजुट कर एक मंच पर लाना और देश को एकजुट करना इस दौड़ का मकसद रहा। -राजेंद्र कुमार शर्मा, संयोजक, स्वामी विवेकानंद सार्धशती समिति, नोएडा महानगर

Related posts