भारत के मंगल अभियान के मद्देनजर थाईलैंड में चेतावनी जारी

भारत के मंगल अभियान के मद्देनजर थाईलैंड में चेतावनी जारी

बैंकाक: थाईलैंड में भारत के महत्वाकांक्षी मंगल अभियान पर अगले सप्ताह जाने वाले राकेट से अलग होकर गिरने वाले ईंधन टैंक से किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए अपने जहाजों और विमानों को दक्षिणी पश्चिमी तट से दूर रहने की चेतावनी जारी की गई है। थाइलैंड की जियो इंफोर्मेटिक्स एंड स्पेस टेक्नोलाजी डवलपमेंट एजेंसी (जीआईएसटीडीए) ने एक बयान में बताया कि भारत में श्रीहरिकोटा के सतीश धवन प्रक्षेपण केंद्र से जानकारी दी गई है कि मंगल अभियान पर जाने वाले पीएसएलवी, सी 25 प्रक्षेपण यान में पांच ईंधन टैंक लगाए गए हैं। जो प्रक्षेपण के बाद उससे अलग होकर नीचे गिरेंगे।

जीआईएसटीडीए के कार्यकारी निदेशक एनोड स्निडवोंग्स ने कहा, “हमारे अनुमान के मुताबिक हमारे देश के अंडमान सागर से लगने वाले हिस्से में फांग नगा से 360 किलोमीटर दूर सागर में इस राकेट का पांचवा ईंधन टैंक गिर सकता है।” स्निडवोंग्स ने बताया कि भारतीय अंतरिक्ष केंद्र ने पांच नवंबर को यह प्रक्षेपण की जानकारी दी है। इस दिन मौसमी दशाएं प्रक्षेपण के लिए अनुकूल रहने की प्रबल संभावनाएं हैं। स्निडवोंग्स ने कहा कि भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय उड्डयन एवं समुद्र नियामक संस्थाओं को इस प्रक्षेपण के बारे में जानकारी मुहैया करा दी गई है और इसी के मद्देनजर जीआईएसटीडीए ने भी थाईलैंड में विमानों और जहाजों को चेतावनी जारी कर दी है। उन्होंने कहा. “इस प्रक्षेपण के संबंध में किसी गलत सूचना या गलतफहमी से किसी प्रकार के मुश्किल हालात की आशंका को टालने के लिए जीआईएसटीडीए इस बारे में अधिक से अधिक लोगों को अवगत करना चाहता है।

Related posts