
भाटड़ा बस्ती पर घरों पर हो रहे पथराव का क्रम थमने का नाम नही ले रहा है। वीरवार रात्रि असामाजिक तत्वों ने भाटड़ा बस्ती में तीन घरों, एक मंदिर तथा तम्बूओं पर पथराव किया जिससे इन्हें काफी क्षति पहुंची है। भुगतभोगी मंगू, सुनील, लक्खा, बलवीर, गुरनाम, राजू, सोनू, महेंद्र, शमशेर, ओंकार, सुनील आदि ने बताया कि रात्रि अपने मकान में ताला लगाकर निकटवर्ती दूसरे मकान में सोने चले गए। रात करीब साढ़े बारह बजे मकानों पर पथराव शुरू हो गया। पथराव से घरों की दीवारों को क्षति पहुंची है। बस्ती में लगाए गए तंबू भी उपद्रवियों ने फाड़ डाले। शरारती तत्वों ने बस्ती में बने मंदिर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। बस्ती के लोगों ने पीछा किया लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर शरारती तत्व भाग गए। वीरवार को पुलिस थाना नादौन में भी सूचना दे दी गई है। उन्होंने पुलिस से आतंक से निजात दिलाने की मांग की।
