भाजयुमो ने सरकार पर बोला हल्ला

हमीरपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कांग्रेस सरकार की कौशल विकास भत्ता योजना के विरोध में प्रदर्शन किया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने भोटा चौक से लेकर गांधी चौक तक विरोध रैली निकाली। सरकार के खिलाफ खूब नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ते के नाम पर ठगा है। चुनाव के वक्त अपने घोषणा पत्र में बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही गई थी। सत्ता हासिल करने के बाद कांग्रेस सरकार ने बेरोजगारों को भत्ता न देकर कौशल विकास भत्ता देना आरंभ किया जोकि वायदा खिलाफी है। इससे कुछ बेरोजगार ही लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शर्तें लगाकर अधिकतर बेरोजगार भत्ते से महरूम हैं। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता संभालने के पश्चात युवाओं के साथ किए वायदे को पूरा नहीं किया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह वायदे के अनुसार बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने में नाकाम रहे हैं। कांग्रेस के युवाओं के साथ किए धोखे के खिलाफ मंडल स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

धोखा देना कांग्रेस की पुरानी रीत
पवन शर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान युवाओं को गुमराह कर फायदा लेना कांग्रेस की पुरानी नीति है। वर्ष 2003 में भी कांग्रेस ने प्रत्येक घर से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने का झूठा वायदा कर सत्ता हासिल की थी। युवा मोर्चा कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के अभियान को जारी रखेगा तथा कांग्रेस की सच्चाई के बारे में युवाओं को जागरूक किया जाएगा। भाजयुमो कार्यकर्ता युवाओं, बेरोजगारों के साथ हो रहे धोखे को सहन नहीं करेंगे। युवाओं को वायदे के अनुसार बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया गया तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
धरने में ये रहे शामिल
इस दौरान सह मीडिया प्रभारी चमन ठाकुर, प्रदेश सचिव अनिल, हमीरपुर मंडल के महामंत्री पंकज, शहरी इकाई के अध्यक्ष सुनील शर्मा, जिला सचिव जोगिंद सिंह, जिला उपाध्यक्ष अजय प्रसाद, जिला मीडिया प्रभारी रविंद्र, अश्वनी कुमार, पंकज कुमार, विजय कुमार, सुरेश कुमार, कमलजीत, गोल्डी ठाकुर, रितेश कुमार, निशांत, विनय कुमार, विकास कुमार, विनोद गीटू, राजेश, बंटू, कुलदीप सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Related posts