भाजपा में विधायकों को टिकट मसले पर कलह शुरू

दिल्ली प्रदेश भाजपा में मुख्यमंत्री का नाम तय करने की तरह वर्तमान विधायक को चुनावी दंगल में उतारने के मामले में कलह शुरू हो गई है।

प्रदेश इकाई ने सभी विधायकों को टिकट देने के विरोध सुर उठाने शुरू कर दिए हैं।

दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष विजय गोयल ने विस में प्रतिपक्ष के नेता प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा के मौजूदा विधायकों के टिकट नहीं काटने की मांग को मानने से सिरे से नकार दिया है।

उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि जो प्रदेश प्रभारी नितिन गडकरी ने तय किया है वही होगा।

प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में वर्तमान विधायकों को टिकट देने की प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा की ओर से की गई मांग के संबंध में पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए विजय गोयल ने उस पर ही सवाल उठा दिया।

उन्होंने पूछा कि नितिन गडकरी ने क्या कहा है? बाद में उन्होंने टिकट बंटवारे के मामले में कहा कि चुनाव जीतने वालों को टिकट दिया जाएगा, उनमें कोई भी हो सकता है।

इस तरह उन्होंने प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा की मांग को नकार दिया और उन्होंने दबी जुबान से स्पष्ट कर दिया कि वह विधायकों के टिकट काटने के पक्ष में हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार विजय गोयल शुरू से ही करीब एक दर्जन विधायकों का पत्ता साफ करने की वकालत कर रहे हैं। विधायकों के टिकट कटने की स्थिति में उनकी जगह वह अपने लोगों को टिकट दिला सकेंगे।

समझा जा रहा है कि इसके चलते मुख्यमंत्री बनने की राह में दिक्कत नहीं आएगी।

उनको आशंका है कि वर्तमान विधायक चुनाव जीतने की स्थिति में उनकी बजाय प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा या फिर अपने पुराने साथी डॉ. हर्षवर्धन का साथ देंगे।

दूसरी ओर विजय गोयल ने कहा कि उम्मीदवार तय करने की प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है।

उम्मीदवारों के नामों की सूची शॉटलिस्ट कर दी गई है। अगले सप्ताह पहली सूची जारी हो सकती है।

Related posts