
सुंदरनगर (मंडी)। लोक सभा चुनाव में मंडी संसदीय सीट को फतह करने के लिए वीरवार को भाजपा संसदीय क्षेत्र की बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स दिए। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आने वाले लोस चुनाव के लिए भाजपा की जीत को कमर कस लें। हर कार्यकर्ता अपना बूथ सबसे मजबूत लक्ष्य को लेकर चलें। कहा कि जब तक पार्टी बूथ स्तर पर मजबूत नहीं होगी तब तक जीत हासिल नहीं होगी। बैठक में संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले 17 विस क्षेत्रों से प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्यों के अलावा जिला अध्यक्ष, महामंत्री और ब्लाक अध्यक्ष, बीडीसी चेयरमैन, जिला परिषद चेयरमैन, नगर परिषद में भाजपा के अध्यक्ष और मोरचों तथा प्रकोष्ठों के अध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक में प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि हर परिवार में विवाद होते हैं लेकिन जब यज्ञ का समय होता है उसमें सभी को मिलकर सहयोग करना होता है। तभी वह सफल है। इसी तरह चुनाव में एक यज्ञ है जिसमें सभी को मिलकर भाजपा की जीत के लिए काम करना है। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी के लौह संग्रहण अभियान पर बोलते हुए धूमल ने कहा कि कार्यकर्ता प्रतिक के तौर पर वही लौह एकत्रित करे जो किसान ने स्वयं प्रयोग किया हो। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सती, पूर्व मंत्री गुलाब सिंह, जयराम ठाकुर, विनोद कुमार, कर्नल इंद्र सिंह, गोविंद ठाकुर, सुंदरनगर जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश जंबाल, मंडी के अध्यक्ष जवाहर ठाकुर, पूर्व विधायक, खीमी राम, हीरा लाल, दिले राम, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राम स्वरूप शर्मा और प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा सहित अनेक वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।
