
बिझड़ी (हमीरपुर)। बड़सर के पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने मतदान केंद्र के कार्यकर्ताओं को अपना बूथ सबसे मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की कांग्रेस नीत यूपीए सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। महंगाई पर नियंत्रण नहीं रख पा रही है। रुपये की कीमत दिन प्रतिदिन गिरती जा रही है लेकिन प्रधानमंत्री और सरकार के मंत्री केवल आश्वासन ही दे रहे हैं। देश की जनता कांग्रेस सरकार से दुखी हो चुकी है। पूर्व विधायक विस क्षेत्र के ग्राम केंद्र में बूथ कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार केवल बदला-बदली के कार्य में व्यस्त है, भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं, समर्थकों को प्रताड़ित करने के लिए नित नए तरीके खोजे जा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ 23 अगस्त को विधानसभा का घेराव रखा गया है। उन्होंने कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र से 500 कार्यकर्ता विधानसभा का घेराव करने के लिए शिमला जाएंगे। शर्मा ने ग्राम केंद्र बाडा के कार्यकर्ताओं का हमीरपुर प्रदर्शन में भाग लेने के लिए आभार प्रकट किया। भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष माया शर्मा, भाजपा महामंत्री चतर सिंह कौशल, महामंत्री श्याम सिंह ढटवालिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कमल नयन, भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी राम रतन शर्मा, बीडीसी सदस्य जगत राम, जगदीश चंद शर्मा, दिनेश कुमार शर्मा, देवराज, अजय कुमार, अमर नाथ शर्मा और बाल कृष्ण सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
