भाजपा ने फूंका सरकार के खिलाफ बिगुल

उत्तरकाशी। आपदा के तीन माह बाद भी जिले में हालात न सुधरने पर भाजपा ने सरकार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। सोमवार को जिला मुख्यालय एकत्र हुए भाजपाइयों ने प्रदर्शन किया।
आपदा के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगने के डर से अभी तक खामोश बैठी भाजपा अब आपदा प्रभावितों की लड़ाई के लिए मैदान में उतर आई है। सोमवार को सैकड़ों भाजपाइयों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट में हुई सभा में भाजपा नेताओं ने सरकार पर आपदा से निपटने में पूरी तरह नाकाम रहने का आरोप लगाया। कहा कि सड़कों पर यातायात, पुल निर्माण और बाढ़ सुरक्षा कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए हैं।
जिला मुख्यालय के साथ ही जिले की तमाम आबाद बस्तियां खतरे की जद में हैं। जनपदवासियों की तीर्थाटन, पर्यटन और कृषि बागवानी पर टिकी आजीविका चौपट हो गई है। उन्होंने राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित कर इस संबंध में जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष बैसाखू लाल, पूर्व विधायक गोपाल रावत, चार धाम विकास परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सूरतराम नौटियाल, नेमचंद चंदोक, रामानंद भट्ट, जयवीर चौहान, सुधा गुप्ता, चंद्रा नेगी, पवन नौटियाल आदि मौजूद रहे।

Related posts