
बंजार (कुल्लू)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि कुल्लू का हर गांव एक पर्यटक स्थल है। यहां पर युवाओं को होम स्टे योजना को बढ़ावा देना चाहिए। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। वे कुल्लू-मंडी की सीमा पर गाड़ागुशैणी, बंजार, सैंज और बजौरा में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान भाजपा पर जमकर प्रहार किए। कहा कि भाजपा के कार्यकाल में प्रदेश की सड़कों की हालत खराब हो गई है। प्रदेश सरकार इन्हें सुधारने का प्रयास कर रही।
गाड़ागुशैणी में जयराम पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि जयराम तीन बार चच्योट के विधायक रहे लेकिन यहां विकास की गति थम चुकी है। प्रदेश में कांग्रेस ने एक समान विकास किया है। हर गांव की तरक्की करवाना उनका लक्ष्य है। भाजपा के कार्यकाल में एक ही जिले का विकास हुआ। वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में कांग्रेस द्वारा शुरू करवाए विकास कार्य रोक दिए गए। भाजपा केवल क्षेत्रवाद की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि सांसद रहते हुए उन्होंने औट-लुहरी नेशनल हाइवे और टनल को स्वीकृति दिलाई है। नेशनल हाइवे बनने से बंजार और आनी क्षेत्र में विकास की गति और तेज होगी। इस मौके पर बंजार के विधायक कर्ण सिंह, उनकी पत्नी शिवानी सिंह, पुत्र आदित्य विक्रम सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष हरिचंद शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष जय बिहारी लाल, महासचिव थरवन पालसरा, पूर्व विधायक दिलेराम शबाव महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता ठाकुर, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भोपाल ठाकुर, पंचायत समिति अध्यक्ष प्रभा पालसरा, उपाध्यक्ष किशन ठाकुर, सराज जोन अध्यक्ष टीसी महंत, प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा, पीसीसी सदस्य राम सिंह मियां और दिलीप विष्ट मौजूद रहे।
70 फीसदी रोजगार होगा सुनिश्चित
बंजार। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि बंजार क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। बंजार क्षेत्र में होम स्टे योजना के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा उद्योग और विद्युत प्रोजेक्टों में भी 70 प्रतिशत हिमाचली को रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा। सांसद रहते हुए प्रतिभा सिंह ने भी मंडी संसदीय क्षेत्र में कई विकास कार्य किए हैं।
