
हमीरपुर। पूर्व सांसद एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रभारी चंद्र कुमार ने कहा कि भाजपा चुनावों के दौरान हथकंडे अपनाकर जीत हासिल करती है, लेकिन जनता बार-बार धोखे में आने वाली नहीं है। भाजपा ने चुनावों से ठीक पहले मनकोटिया के साथ मिलकर प्लानिंग की, सीडी को गांव-गांव तक पहुंचा दिया। हथकंडों से चुनाव नहीं लड़े जाते, नीतियों, कार्यक्रमों पर चुनाव लड़े जाते हैं। हमीरपुर में प्रेस वार्ता में कहा कि पुत्र मोह के लिए केंद्रीय विवि को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन विवि के लिए भूमि उपलब्ध नहीं करवा सके। वन विभाग का अरण्यपाल कार्यालय हमीरपुर में बनाया, कांगड़ा से देहरा को तोड़कर शामिल किया गया। मुख्य अभियंता कार्यालय हमीरपुर में बनाया, इसमें भी देहरा डिविजन को शामिल किया गया। सांसद अनुराग कार्यकाल का एक भी संस्थान, या उपलब्धि बता दें। उन्होंने कहा कि लोस चुनावों में राणा को प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर कोई फैसला, चर्चा नहीं हुई है। पार्टी हमीरपुर क्षेत्र से अनुभवी और दमदार प्रत्याशी को मौदान में उतारेगी। प्रत्याशी को विभिन्न कसौटियों पर परखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कहेगी तो कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे, पहले भी लड़ा है।
उन्होंने कहा कि लोस चुनावों के लिए तैयारी शुरू कर दी है, पहले जिला स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। फिर ब्लाक स्तर पर बैंठकें होंगी, और उसके पश्चात जिला स्तर पर रैलियों का आयोजन किया जाएगा। लोस चुनावों में कांग्रेस केंद्र सरकार के मनरेगा, भू अधिग्रहण कानून, खाद्य सुरक्षा बिल, सहित अन्य कार्यक्रमों को लेकर जनता के बीच जाएगी। प्रदेश सरकार के कौशल विकास भत्ता, छात्रों को मुफ्त यात्रा, सहित अन्य निर्णयों को भी जनता तक ले जाया जाएगा। उनके साथ सीपीएस आईडी लखनपाल, राम लाल ठाकुर, प्रेम कौशल, दीपक शर्मा, राजेंद्र जार, कुलदीप पठानिया, नरेश ठाकुर, अरुण ठाकुर, राजेश चौधरी, सुमन भारती, सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सवालों के जवाब देने पड़ेंगे : राम लाल
हमीरपुर। पूर्व मंत्री ठाकुर राम लाल ने कहा कि एचपीसीए से जुड़े सारे मामले की जांच होगी, और कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। पहले सोसाइटी एक्ट में पंजीकरण, फिर कंपनी के रूप में पंजीकरण, संस्था का नाम बदलना, होटल के व्यावसायिक उपयोग की अनुमति, प्रदेश की टीम में बाहर के लोग खेल रहे हैं,सहित अन्य सवालों के जवाब देने होंगे। जमीन घोटालों की सारी जांच होगी, एक दिन में सारी औपचारिकताएं कैसे पूरी हो गईं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता पाक साफ हैं तो शोर क्यों मचा रहे हैं, जांच का सामना करें। अपने आप सारा सच सामने आ जाएगा। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी, राजनीतिक तौर पर किसी को तंग नहीं किया जा रहा। चंद्र कुमार ने बाहरी खिलाड़ियों के मामले में टिप्पणी की कि प्रदेश के युवा मैदानों में गिल्ली डंडा तक नहीं खेल पाए हैं।
