
नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार की लोकसभा चुनाव लड़ने की हां के बाद कांगड़ा जिले में पार्टी का विद्रोही गुट लोकसभा चुनाव को जंग का मैदान बनाने में जुट गया है। भाजपा के कई पदाधिकारियों ने आजाद संगठन बनाकर बुधवार को नगरोटा सूरियां के शगुन पैलेस में नूरपुर के पूर्व विधायक राकेश पठानिया के नेतृत्व में नया साल मनाने के बहाने सम्मेलन कर तय किया कि यदि शांता कुमार लोकसभा चुनाव में उतरते हैं तो आजाद संगठन भी अपना प्रत्याशी उतारेगा। यदि इसके लिए आम आदमी पार्टी का भी सहारा लेना पड़ा तो गुरेज नहीं किया जाएगा। समझा जा रहा है कि भाजपा के बागी अगर आप का दामन थामने में कामयाब हो जाते हैं तो लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे शांता कुमार और भाजपा के लिए मुसीबत पैदा कर सकते हैं।
हालांकि, पूर्व विधायक राकेश पठानिया ने ‘आप’ पार्टी में शामिल होने के सवाल पर कहा कि आजाद संगठन इसी महीने 10 दिन बाद नूरपुर में महासम्मेलन कर रहा है। महासम्मेलन में ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने पार्टी में वापसी के मामले में कहा कि जब तक जिले में वर्तमान संगठनात्मक ढांचे में परिवर्तन नहीं होता, तब तक भाजपा में वापसी का सवाल ही पैदा नहीं होता। इसके लिए आजाद संगठन ने भाजपा को 10 दिन का समय दिया है। नए साल के उपलक्ष्य में रखे गए इस सम्मेलन में आजाद संगठन के संयोजक और दवा निर्माता संघ के पूर्व अध्यक्ष संजय गुलेरिया, पूर्व मंत्री डॉ. हरबंस राणा, भटियात से भूपेंद्र चौहान, भारत एकता दल के संयोजक प्रेम चंद विश्वकर्मा, केहरिया प्रधान सतविंद्र गोल्डी, बासा पंचायत प्रधान वरिंद्र गुलेरिया, ज्वाली भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक गुलेरिया, पंचायत समिति के पूर्व अध्यक्ष बलवीर पठानिया, घनश्याम शंभू, कुलदीप सिंह, अर्जुन सिंह, कविंद्र गुलेरिया, सुरेश धीमान, रणजीत सिंह, मनोज, गुरदयाल सिंह गुलेरिया, मदन राणा सहित जिला से कई समर्थक उपस्थित रहे।
