भांग के खात्मे को कुल्लू पहुंचीं पांच रिजर्व फोेर्स

कुल्लू। कानून व्यवस्था संभालने वाले जवान अब कुल्लू जिले में भांग के लहलहाते खेतों के बीच कैंप लगाकर खेती को नष्ट करेंगे। घाटी में नशे की खेती के समूल नाश के लिए पुलिस की पांच रिजर्व फोर्स कुल्लू पहुंच गई हैं। टीमों के कुल्लू पहुंचते ही जिला पुलिस अधिकारी टीमों का गठन कर उनका आगामी शेड्यूल बनाने की प्रक्रिया में जुट गए हैं। जिला पुलिस की मांग पर डीजीपी ने कुल्लू जिला के लिए पांच रिजर्व फोर्सों की स्वीकृति दी है। एसपी कुल्लू डा. विनोद धवन ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कुल्लू पुलिस ने भांग उखाड़ो अभियान के लिए डीजीपी और राज्य सरकार से अतिरिक्त पुलिस फोर्स भेजने के लिए पत्र लिखा था। उन्होंने कहा कि भांग उखाड़ो अभियान को तैयार किया मास्टर प्लान सिरे चढ़ गया है। अब टीमों का गठन कर जिला भर के इलाकों को भांग की खेती नष्ट करने के लिए लगाया जाए। नशे की खेती पर जिला प्रशासन, पुलिस, खुफिया तंत्र भी सेटेलाइट के जरिये नजर रखेंगे। खुफिया तंत्र के जरिये पुलिस को भांग के खेतों की जानकारी मिल चुकी है। पुलिस प्रशासन कुल्लू ने भांग उखाड़ो अभियान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि अगर भांग की अवैध विजाई वन और सरकारी जमीन में पाई गई तो संबंधित विभाग के फील्ड स्टाफ पर मामला दर्ज किया जाएगा, जबकि खेतों में मिली भांग की खेती पर मालिक के खिलाफ रपट दर्ज की जाएगी। पुलिस टीमों को एक दो दिन के भीतर संबंधित ठिकानों के लिए रवाना कर दिया जाएगा।

Related posts