भलोगी में तेंदुए के आतंक से दहशत

काईस (कुल्लू)।(भाग सिंह) कराडसू पंचायत के भलोगी गांव में इन दिनों तेंदुए के आतंक से लोग दहशत में हैं। ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के कारण जंगली जानवरों ने रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर लिया है। भलोगी के ग्रामीणों ने तेंदुए को आसपास के इलाकों में घूमते हुए देखा। शाम ढलते ही लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। बच्चे भी स्कूल जाने से कतराने लगे हैं। भलोगी वार्ड पंच धनी राम, नाथू राम, भूमि प्रकाश, मदन लाल, कृष्ण चंद, भोला राम, दौलत राम, जोतू राम, प्यारे चंद, फतेह चंद और लोत राम ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि तेंदुआ इलाके के आधा दर्जन मवेशियों और कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है। भलोगी निवासी नाथू राम ने बताया कि शनिवार रात को तेंदुआ घर के बरामदे में घुसा और कुत्ते को उठा ले गया। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। उधर, वन्य प्राणी विभाग कुल्लू के डीएफओ सुनीत भारद्वाज ने कहा कि इस तरह की शिकायत अभी तक उनके पास नहीं पहुंची है। ग्रामीणों की मांग पर गौर किया जाएगा और फील्ड स्टाफ को मौके पर जाने के निर्देश दिए जाएंगे।

Related posts