
हमीरपुर। विद्युत उपमंडल टौणीदेवी के अंतर्गत भरनांग गांव में 14 घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। इससे गांव के करीब तीन दर्जन परिवारों को परेशानी से जूझना पड़ा। रविवार की रात कम वोल्टेज के चलते भी लोगों को दिक्कत पेश आई। सोमवार को सुबह होते ही बत्ती गुल हो गई।
स्थानीय लोगों में कमलेश कुमार, सुरेशा कुमारी, अनीता देवी, सुकन्या देवी, विजेंद्र कुमार, विपिन कुमार, धर्मेंद्र कुमार, कांशी दाम, रविकुमार, राजकुमार, नीटू देवी, पंकज कुमार, रमेश चंद, बिट्टू, मनू, सुलोचना देवी आदि का कहना है कि बत्ती गुल रहने से उन्हें गर्मी से जूझना पड़ा है। रात के समय भी कम वोल्टेज के चलते पंखे आदि नहीं चल रहे थे। लोगों का आरोप है कि आए दिन विद्युत आपूर्ति ठप होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को भी करीब 14 घंटे से बत्ती गुल रहने से तीन दर्जन परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भरनांग में स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर थोड़ी सी आंधी चलते ही काम करना बंद कर देता है। इससे सारा गांव अंधेरे में डूब जाता है। ऐसे में लोगों ने विद्युत बोर्ड कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर रोष जताया है। लोगों ने विद्युत बोर्ड से मांग की कि पुराने विद्युत ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उधर, जेई कोट महेंद्र सिंह दुबे का कहना है कि रविवार रात ट्रांसफार्मर जलने से समस्या पेश आई है। कर्मचारी मौके पर हैं, जल्द ही नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया जाएगा जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
