
दुलैहड़ (ऊना)। क्षेत्र के भडियारा से एक व्यक्ति रहस्यमयी ढंग से लापता हो गया है। इसके संदर्भ में हरोली थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी गई है। वहीं पुलिस ने भी घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। बताया जा रहा है कि लापता व्यक्ति हमीरपुर जिले के किसी स्थान पर दवा लेने गया था, लेकिन आज तक वापस घर नहीं पहुंचा है। हालांकि उसके परिजनों ने अपने स्तर पर उसे खोजने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चल पाया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के भडियारा निवासी 50 वर्षीय राकेश कुमार पुत्र किशन चंद 26 जून को हमीरपुर में दवाई लेने घर से निकला था, लेकिन वह हमीरपुर के उक्त अस्पताल में भी नहीं पहुंच पाया है। 26 जून को ही जब देर सायं तक राकेश घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसे फोन पर संपर्क करना आरंभ कर दिया, लेकिन फोन भी स्विच ऑफ होने के कारण उससे संपर्क नहीं हो पाया। परिजनों ने 27 और 28 जून को उसे अपने स्तर पर खोजने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन राकेश का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इसी के चलते 28 जून देर रात उसके परिजनों ने हरोली थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी। एसएचओ हरोली महेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। राकेश कुमार को खोजने के प्रयास तेज कर दिए हैं
