
दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र के रायेपुर गांव में मंगलवार देर रात हुई वारदात में कुछ अज्ञात लोगों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। युवक को उपचार के लिए गगरेट स्थित एफआरयू में लाया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक 20 वर्षीय सुमित सिंह पुत्र करतार सिंह ने बताया कि मंगलवार देर शाम वह अपने पुुराने घर से दादी को खाना देने नए मकान के लिए निकला। वह अभी मात्र 20 मीटर की दूरी पर ही पहुंचा था कि अज्ञात तीन युवकों ने उस पर हमला कर दिया। इसमें एक युवक ने उसे पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसकी बाईं बाजू एवं छाती पर लगा। उसके शोर मचाने पर उसके ताया विचित्र सिंह वहां पहुंचे और उन्होंने आस-पड़ोस के लोगों को सहायता के लिए पुकारा। शोर सुन कर हमलावर जंगल की तरफ भाग गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस आधा घंटा बाद घटनास्थल पर पहुंची, तब तक आरोपी रफूचक्कर हो चुके थे। सुमित सिंह ने बताया कि अज्ञात तीन हमलावरों में से दो के चेहरे वह पहचान सकता है। उसने बताया कि उसकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है। उधर, घायल युवक को रात्रि एफआरयू अस्पताल लाकर स्थानीय लोगाें ने उपचार दिलवाया तथा रात्रि को उसके घर के बाहर लगभग 150 लोगों ने पूरी रात पहरा दिया। उधर, दौलतपुर पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई हरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा किया एवं बयान दर्ज करते हुए आईपीसी की धारा 341, 323, 331 के तहत अज्ञात लोगाें के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
