
चिंतपूर्णी (ऊना)। क्षेत्र के भटेड़ में देर रात लगी भीषण आग से एक पशुशाला जलकर राख हो गई। आगजनी में पशुशाला के साथ लगता एक घर भी आग की चपेट में आ गया। लेकिन समय रहते लोगों की सूझबूझ के चलते आग पर काबू पा लिया गया। आगजनी में पशुशाला में रखी लकड़ी सहित अन्य कीमती समान जलकर स्वाह हो गया है। घटना में लगभग डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भटेड़ निवासी प्रवीण कुमार की पशुशाला में अचानक आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगी। इससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर अपने स्तर पर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक भीषण आग ने पशुशाला के साथ एक घर को भी चपेट में ले लिया था। हालांकि समय रहते लोगों ने घर को भीषण आगजनी से बचा लिया। आगजनी में घर का मीटर, वायरिंग सहित अन्य समान जलकर राख हो गया। जबकि लाखों रुपये का सामान सुरक्षित बचा लिया गया। जबकि पशुशाला पूरी तरह से राख में तबदील हो गई। पशुशाला में क्विंटलों के हिसाब से रखी तूड़ी, घास सहित अन्य कीमती समान आग की भेंट चढ़ गया। पटवारी मदन लाल ने मौके का जायजा लिया है।
