भगीरथ पैलेस में पांच मंजिला इमारत जमींदोज

नई दिल्ली। चांदनी चौक के भगीरथ पैलेस इलाके में शनिवार देर रात एक पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। इमारत में करीब पचास दुकानें हैं जो घटना के समय बंद थी। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है लेकिन सामान के मलबे में दब जाने से कारोबारियों का करोड़ों का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मी और निगम कर्मचारी मलबा को हटाने में जुटे रहे। दुकानदारों का आरोप है कि शनिवार शाम को ही इमारत में दरार आ गई थी। लेकिन किसी ने भी इसे गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस इमारत के मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब एक बजे भगीरथ पैलेस के मोती सिनेमा कम्पाउंड में पांच मंजिला इमारत के गिरने की सूचना मिली। इमारत बीएमएस सेंटर के नाम से जाना जाता था। दो हिस्सों में बंटी इस इमारत का पिछला भाग गिरा है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक्स, बिजली, डेंटल और दवाइयों के करीब पचास दुकानें थीं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इमारत का भूतल काफी पुराना है। इसमें नामी बैंक के दफ्तर हैं। धीरे धीरे इस पर अन्य मंजिलें बनाई गईं। हाल ही में पांचवीं मंजिल का निर्माण किया गया था। दुकानदारों के मुताबिक शनिवार शाम को इमारत के पिछले हिस्से में दरार देखी गई। दुकानदारों ने इसकी शिकायत मकान मालिक से की। मकान मालिक ने रविवार को इसकी मरम्मत करवाने का आश्वासन दिया। दरार की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और निरीक्षण कर चली गई थी।

Related posts