
ऊना। स्थानीय बस अड्डे के नजदीक एक महिला के थैले में ब्लेड मारकर पर्स उड़ाने की कोशिश करती दो झपटमार महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन महिलाओं ने खरीदारी करने आई एक महिला का बैग ब्लेड से काट डाला। दुकान में हुई इस वारदात का पता शिकार हुई महिला को उसी समय चल गया। थैले क ो ब्लेड से काटने के बाद पर्स दुकान में ही फर्श पर गिर गया। इससे लोगों को पूरा माजरा भांपने में देर न लगी। शोर मचाने पर दोनों आरोपी महिलाएं भाग गईं। लेकिन लोगों ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। इन दोनों आरोपी महिलाओं के साथ दो बच्चे भी थे।
पुलिस के अनुसार ईसपुर की निर्मला देवी अपने पति रशपाल सिंह के साथ शापिंग करने ऊना आई थी। बस अड्डे के सामने एक दुकान में जब वे रुके तो निर्मला ने अपना बैग बैंच पर रखा और खरीदारी करने लगी। इस दौरान दो महिलाएं वहां आईं और उन्होंने निर्मला का थैला ब्लेड से काट डाला। जैसे ही निर्मला ने बैग उठाया तो बैग में रखा उसका पर्स फर्श पर गिर गया। इतनी देर में दोनों आरोपी महिलाएं वहां से भाग गईं। निर्मला ने शोर मचाया। निर्मला के पति और दुकानदारों ने दोनों महिलाओं को पुलिस के हवाले कर दिया। इन दोनों महिलाओं ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया है कि इससे पहले कई बार झपटमारी की वारदातों को इन्होंने अंजाम दिया है। सिटी चौकी के प्रभारी हरीश गुलेरिया ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दोनों महिलाओं से पूछताछ की जा रही है।
