
अर्की (सोलन)। अर्की उपमंडल अंतर्गत प्लानियां पंचायत के लोगों ने अर्की ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष संजय अवस्थी को स्थानीय समस्याओं से अवगत करवाया है। पूर्व पंचायत प्रधान टेक चंद तथा सूरत राम की अगुवाई में समीप गांवों के लोगों ने सोमवार को ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष के समक्ष पेयजल तथा सड़क समस्याएं रखीं।
ब्लाक कांग्रेस महासचिव राजेंद्र रावत ने बताया कि बंगोरा में आयोजित जन संपर्क अभियान के दौरान ब्लाक कांग्रेस प्रमुख संजय अवस्थी पोहड़ी, कोठी, जाबल एवं सांदली समेत प्लानियां पंचायत के विभिन्न गांवों के दर्जनों ग्रामीणों से रूबरू हुए। इस दौरान बंगोरा तथा पोहड़ी में पेयजल किल्लत से लोगों ने उन्हें अवगत करवाया। पूर्व प्रधान टेकचंद ने गलोग-कुनिहार सड़क का कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग करते हुए गलोग में वर्षाशालिका निर्माण की पैरवी की। स्थानीय निवासी जय नंद शर्मा, सूरत राम, टेकचंद, प्रेम वर्मा, मनसा राम, चंदु लाल वर्मा, जिया लाल, संजय कुमार, अजीत, सरस्वती, उर्मिला, रामकु, देवकी सहित काफी संख्या में ग्रामीणों एकत्र हुए तथा गांवों की समस्याओं के प्रति प्रदेश सरकार एवं ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष से समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र में राष्ट्रीयकृत बैंक शाखा खोलने का प्रस्ताव भी रखा। इससे पूर्व स्वतंत्रता सेनानी उगरू राम की पत्नी नारदू देवी ने कांग्रेस अध्यक्ष की अगुवाई की। इस मौके पर ब्लाक कांग्रेस महासचिव राजेंद्र रावत, रत्न शर्मा, टेक चंद और नारदू देवी आदि मौजूद रहे।
