
रामपुर बुशहर। राजकुमार हत्याकांड में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में हो रही देरी पर ग्रामीण भड़क गए हैं। मंगलवार को ग्रामीणों ने ब्रौ पुलिस थाने में विरोध जताया और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को दस दिन का अल्टीमेटम दिया है। इस अवधि में आरोपी को गिरफ्तार न करने पर पुलिस थाने के घेराव की चेतावनी दी है।
निरमंड की गड़ेज (बायल) पंचायत की प्रधान मीनाक्षी नेगी, आनी कांग्रेस की अध्यक्ष रमिला देवी, कला देवी, उमा देवी, मीरा देवी, कृष्णा देवी, सीता देवी, प्रेम दास, डोलमा देवी, चिमना देवी, प्रेम, कुशी राम, जिया लाल, नवजीत और रणजीत पालसरा ने राजकुमार हत्याकांड में पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया है। इन लोगों ने आरोप लगाया कि राजकुमार (बायल) की हत्या हुए एक महीना होने वाला है लेकिन अभी तक पुलिस मामले में फरार रोहड़ू निवासी युवक को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपी अपने क्षेत्र में घूम-फिर रहा है लेकिन पुलिस ने उसके क्षेत्र में दबिश देने की कोशिश तक नहीं की। एसएचओ से मिलने पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि वे इस मामले में कोताही बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस मौके पर सीटू यूनियन के प्रधान अनिल कुमार और उप प्रधान हीरा सिंह ने कहा कि वे भी इस विरोध में ग्रामीणों का पूरा साथ देगी।
