
कुल्लू। सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं जिला कुल्लू के संचालक मंडल का बुधवार को गठन कर कुल्लू जोन से ब्रह्म स्वरूप ठाकुर, मनाली जोन से श्याम चंद ठाकुर और बंजार जोन से राजीव शर्मा को संचालक मंडल का सदस्य चुना गया। हिम बुनकर संचालक मंडल के सदस्यों का चयन सहायक पंजीयक अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी चेतन सिंह के नेतृत्व में किया गया। बुधवार को चुनाव अधिकारी चेतन सिंह की अध्यक्षता में हुए। चुनाव में कुल्लू जोन से तीन उम्मीदवारों ने चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया। इसमें कुल 51 वोट पड़े। चुनाव में ब्रह्म स्वरूप ठाकुर ने 23 वोट हासिल किए। इसके अलावा सर्वजीत सिंह को 21 वोट मिले। अनिरुद्ध शर्मा को 6 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। इस दौरान एक मत रद भी हुआ। ब्रह्म स्वरूप ठाकुर ने दो वोटों से चुनाव जीतकर कुल्लू जोन के संचालक मंडल के सदस्य पद पर कब्जा जमाया। मनाली जोन से दो उम्मीदवारों में टक्कर हुई। इसमें श्याम चंद ठाकुर को 9 वोट और जोगिंद्र सेन को 8 वोट मिले। चुनाव में श्याम चंद ठाकुर को एक वोट से विजयी घोषित किया गया। इसके अलावा बंजार जोन के चुनाव में राजीव शर्मा को सर्वसम्मति से बंजार जोन के संचालक मंडल का सदस्य नियुक्त किया गया।
