ब्रह्मपुर में दूध से लदा ट्राला उड़ाया

दौलतपुर चौक (ऊना)। दौलतपुर चौक-ऊना मुख्य मार्ग पर स्थित ब्रह्मपुर में दूध से लदा ट्राला चोरी हो गया। मामले की शिकायत पुलिस के पास पहुंच गई है, जबकि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह कुलदीप कुमार निवासी ब्रह्मपुर ने सड़क के किनारे स्थित अपने घर के बाहर अपना ट्राला खड़ा किया था, जो दूध से पूरी तरह लोड था, लेकिन जब वह घर से बाहर आए तो ट्राले को वहां न पाकर दंग रह गए। उन्होंने आसपास क्षेत्र में ट्राले की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। कुलदीप कुमार पुत्र चंद प्रकाश ने बताया कि उसने मुबारिकपुर में दूध लोड कर लगभग सुबह पांच बजे ब्रह्मपुर में ट्राला नंबर पीबी 07यू 6665 खड़ा किया और घर चाय पीने चला गया। इतने में चोर उसे चुरा ले गए। जिसकी सूचना उसने तुरंत पुलिस को दी, लेकिन चोरों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। उन्होंने बताया कि ट्राले में लगभग 25000 रुपये मूल्य का दूध लदा था। इसकी सप्लाई उसने पंजाब के तलवाड़ा तक देनी थी। उधर, दौलतपुर चौक पुलिस चौकी इंचार्ज हरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही सभी बैरियर सीज कर दिए थे, लेकिन आरोपी भागने में सफल हो गए। इसकी जांच पुलिस प्राथमिकता के आधार पर कर रही है।

97 वाहनों के काटे चालान
32900 रुपये जुर्माना वसूला
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। जिला पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में नाके लगाकर ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों पर नकेल कसना शुरू कर किया है। देर रात की पुलिस की कार्रवाई में लगभग 97 वाहनों के चालान काटकर 32900 रुपये का जुर्माना प्राप्त किया। पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने ट्रैफिक की अनुपालना करने वालों के खिलाफ शिकजा कस दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बिना लाइसेंस के 18 चालान, शराब के नशे में गाड़ी चलाने पर 8, प्राइवेट वाहन को टैक्सी के रूप में प्रयोग करने पर चार चालान, वाहन चलाते वक्त मोबाइल का प्रयोग करने वालों के तीन चालान, बिना हेलमेट के 31 चालान, ट्रिप्पल राइडिंग का एक, प्रेशर हार्न का प्रयोग पर दो, बिना इंश्योरेंस के नौ, बिना कागजात के वाहन चलाने पर 1 व बिना सेफ्टी बेल्ट पर दो गाड़ियों के चालान काटे।

Related posts