ब्यास में गंदगी फेंकी तो 1 लाख जुर्माना

कुल्लू। ब्यास नदी में गंदगी फेंकने पर अब एक लाख रुपये जुर्माना होगा। यह जानकारी डीसी राकेश कंवर ने दी। उन्होंने बताया कि ग्रीन ट्रिब्युनल ने यह जुर्माना राशि तय की है। डीसी राकेश कंवर वीरवार को ब्यास नदी के संरक्षण को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि माननीय ग्रीन टिब्यूनल के इन आदेशों का जिला में सख्ती से पालन होगा। अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश दे दिए गए हैं। डीसी ने कहा कि व्यास तथा इसकी सहायक नदियों और नदी के किनारों पर किसी प्रकार का ठोस कचरा फेंकने, मल निकासी, प्रदूषण फैलाने वाली अन्य सामग्री फेंकने पर एक लाख जुर्माना वसूला जाएगा। इस दिशा 15 दिन के अंदर कार्य योजना तैयार करने के लिए नगर परिषद और नगर पंचायतों को कहा है। उन्होंने विभिन्न गैर सरकारी संस्थाओं से आग्रह किया है कि वे इस बारे में आम जनता को शिक्षित करने में प्रशासन का सहयोग करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक डा. विनोद धवन, नगर परिषद तथा नगर पंचायतों के पदाधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, वन विभाग और नगर एवं योजना विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts