
रक्कड़ (कांगड़ा)। निकटवर्ती गांव कूहना में बुधवार सुबह करीब आठ बजे एक युवक का शव ब्यास किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की जेब से सल्फास की गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक अनमोल (21) पुत्र तिलक राज मंगलवार रात करीब दस बजे अपने घर से चला गया और जब काफी देर तक वापस नहीं आया तो परिजनों ने सोचा कि वह अपने ताया के घर सो गया होगा। जहां पर वह अकसर जाकर सो जाता था। बुधवार सुबह युवक के ताया का लड़का जब घास लेने के लिए ब्यास नदी के किनारे से जा रहा था तो उसने वहां पर अनमोल की पेंट और चप्पलें पड़ी देखीं। उसे संदेह होने पर जब उसने यहां-वहां देखा तो कुछ दूरी पर अनमोल का शव पड़ा हुआ था। उसने तुरंत घरवालों को सूचित किया। पंचायत प्रधान ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पर डीएसपी देहरा बीडी भाटिया और थाना प्रभारी ज्वालामुखी सुरेंद्र ठाकुर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल देहरा भेज दिया गया है। डीएसपी ने बताया कि युवक की जेब से सल्फास की गोलियां बरामद हुई हैं। मामले की जांच जारी है
