
ऊना। शहर के वार्ड नंबर एक स्थित आर्य नगर निवासी एक व्यक्ति से बैंक के लिए किराये पर भवन लेने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठगी के शिकार व्यक्ति ने इस संबंध में ऊना थाने में शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 जून 2013 को नरेश कुमार शर्मा पुत्र तुला राम निवासी आर्य नगर वार्ड नंबर एक ऊना के पास अमर डोगरा एवं हरीश गोयल नामक दो व्यक्ति आए। उन्होंने नरेश कुमार शर्मा को बताया कि वे आईबीएम सोल्यूशन कंपनी से आए हैं और उन्हें इंडसलैंड बैंक के लिए किराये पर भवन चाहिए। उन्होंने इसी दौरान शर्मा से दो चैक भी ले लिए। इनमें से एक पर 100 रुपये की राशि भरवाई और दूसरे पर 900 रुपये तक की राशि लिखवा ली। इसके बाद दोनों आरोपी नरेश शर्मा को 25 जून तक वापस आने की बात कह कर चले गए। लेकिन वे दोनों 27 जून तक नरेश शर्मा के पास वापस नहीं पहुंचे। जिस पर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने अपना बैंक खाता चैक किया। खाते का स्टेटस चैक करने पर नरेश कुमार शर्मा के होश फाख्ता हो गए। उनके खाते से लगभग 5 लाख 2 हजार रुपये तक की राशि निकलवाई जा चुकी थी। इसके चलते उन्होंने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। एसपी ऊना केसी शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में आईपीसी की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत केस दर्ज लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों शातिरों की तलाश में जुट गई है। मामले की तेजी से छानबीन की जा रही है।
