
अजौली (ऊना)। शातिर ठगों ने कुल्लू, नंगल, बंगाणा और ऊना के बाद अब एक और युवक को निशाना बना डाला। शातिराें ने ऊना के युवक के बैंक खाते से 3800 रुपये उड़ा लिए। घटना का शिकार युवक ने पुलिस के पास इसकी शिकायत की है।
युवक ने पुलिस को बताया कि वह सुबह जैसे ही उठा तो उसके मोबाइल पर कोई फोन आया। शातिरों ने फोन पर कहा कि हम बैंक के हेड आफिस से बोल रहे हैं। आपके एटीएम की वेरिफिकेशन करनी है। अपने एटीएम कार्ड पर लिखे नंबर के डिजिट बताएं। युवक ने शातिर को डिजिट बता दिए। इसके बाद शातिर ने शुरू के चार डिजिट बताने को कहा। युवक ने झट से शातिर को सब कुछ बता दिया। कुछ देर बाद युवक को ठगी का आभास हुआ। इसके बाद छतरपुर टांडा का यह युवक मनीष एटीएम की ओर दौड़ा और सारी राशि करीब 30 हजार रुपये निकाल ली। इसके बाद युवक ने जब मिनी स्टेटमेंट निकाली तो पता चला कि उसके खाते से कुछ देर पहले एक बार 3500 तो दूसरी बार 300 रुपये निकाल लिए गए हैं। युवक को देखते ही देखते 3800 रुपये का चूना लग गया। ऐसे ही शातिरों ने कुछ समय पहले कुल्लू, नंगल, बंगाणा और ऊना में भी लोगों को निशाना बनाकर हजारों रुपये उड़ाए थे।
ऐसी काल्स को नजरअंदाज करें
एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने युवक की ओर से शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने आम लोगों से आह्वान किया है कि बैंक कभी भी एटीएम से संबंधित जानकारी नहीं लेता। ऐसे फोन काल्स आने पर इन्हें नजरअंदाज करें।
फोन पर किसी को कुछ न बताएं
एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक रोहित कुमार ने कहा कि एटीएम से संबंधित कुछ भी पूछताछ करनी हो तो सीधे संबंधित बैंक में चले जाएं। एटीएम के संदर्भ में फोन पर किसी को भी कुछ न बताएं।
