
कुल्लू। भाजपा सरकार ने प्रोजेक्टों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए कोई कठोर कानून नहीं बनाए। भाजपा के शासनकाल में प्रोजेक्टों को मनमानी करने पर छोड़ दिया गया। इस कारण विद्युत प्रोजेक्टों और उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल सका। यदि भाजपा सरकार ने उचित कानून बनाए होते तो आज यह समस्या नहीं आती। यह बात कुल्लू सदर के शमशी क्षेत्र में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि अब बेलगाम हो चुके इन प्रोजेक्टों पर लगाम लगाई जाएगी। वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रोजेक्ट लगाने वालों को स्थानीय लोगों के हितों का ध्यान रखना होगा और प्रोजेक्टों में 70 फीसदी हिमाचलियों को रोजगार देना होगा। ऐसा न करने वाले प्रोजेक्टों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इसके लिए कंपनी का कोई मैनेजर जवाबदेह नहीं होगा बल्कि कंपनी के मुखिया या एमडी को इसका जवाब देना होगा। नियम तोड़ने वाले प्रोजेक्टों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा वीरभद्र सिंह ने प्रोजेक्टों में ठेकों को लेकर हो रही मनमानी पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर ठेकेदारों को ठेके दें, नहीं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शमशी की जनसभा में वीरभद्र सिंह ने कहा कि विस चुनाव में कुछ कमियां रह गईं थीं, उन्हें इस बार सभी लोगों को मिलकर पूरा करना है।
