
कुल्लू। टेट के परीक्षा फार्मों की भारी भरकम फीस पर बवाल मचना शुरू हो गया है। बेरोजगार शक्ति यूनियन ने इसे गरीब वर्ग के लिए घातक बताया है। यूनियन नेताओं का कहना है कि गरीब वर्ग का उम्मीदवार आठ सौ रुपये कहां से लाएगा। बेरोजगारों ने बोर्ड और राज्य सरकार से इस फीस को कम करने का आग्रह किया है।
यूनियन के प्रधान सोमेश डोगरा ने कहा कि टीजीटी कला, नॉन मेडिकल और मेडिकल टेट के सामान्य वर्ग के फार्म 800 रुपये में मिल रहे हैं। मेहनत मजदूरी कर गुजर बसर कर रहे परिवारों के लिए यह फीस बहुत ज्यादा है। उन्होंने बताया कि यह शिक्षित बेरोजगारों के साथ एक भद्दा मजाक है।
टेट की परीक्षा पास करने के बाद परीक्षार्थियों को हमीरपुर चयन बोर्ड द्वारा ली जाने वाली कमीशन की परीक्षा से भी गुजरना पड़ता है। वहां भी बेरोजगारों को इतनी ही फीस देना पड़ती है। इस मौके पर बेरोजगार शक्ति यूनियन के उपप्रधान नरेंद्र ठाकुर, महामंत्री भावना शर्मा, सचिव प्रेरणा, निर्मला, आरती शर्मा सोनिया, रोहनी, भवानी सिंह, नीरजा शर्मा, रुचि और रीतू राज ने टेट की फीस बढ़ाने का विरोध किया है। उन्होंने बोर्ड प्रशासन और सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द बढ़ाई गई फीस को कम किया जाए।
