
अंब (ऊना)। अंब उपमंडल के करलूही में सोमवार सुबह एक बेकाबू कार पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें घायलावस्था में 108 की मदद से नजदीकी अस्पताल में उपचाराधीन करवाया गया। उधर, पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कांगड़ा के परौर निवासी सुदर्शन कुमार कार में अपने पिता प्रेम सिंह के साथ चंडीगढ़ जा रहे थे कि करलूही के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर आम के पेड़ से टकराई। इसमें प्रेम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुदर्शन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अंब अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद प्रेम सिंह का शव परिजनों के हवाले कर दिया और मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अंब थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि कार के पेड़ से टकराने के कारण प्रेम सिंह के सिर पर चोटें आने के चलते उनकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि पुलिस ने मामले के संदर्भ में आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
