
नादौन (हमीरपुर)। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस महासचिव विद्या देदू ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए हिमाचल की चार लोकसभा सीटें अहम भूमिका निभाएंगी। इन सीटों को कांग्रेस की झोली में डालने के लिए महिलाओं को आगे आना होगा। नादौन की जैन धर्मशाला में आयोजित महिला कांग्रेस की बैठक के दौरान विद्या देदू ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में बूथ स्तर पर मेहनत करने की जरूरत है। वह सोनिया गांधी और राहुल गांधी का संदेश लेकर आई हैं। प्रदेश में महिला कांग्रेस को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए कमेटियां गठित की जाएंगी। वहीं महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष मनभरी देवी ने कहा कि चुनाव के लिए प्रदेश की महिला कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं। प्रदेश सरकार ने 100 दिन में जनहित में कई साहसिक फैसले लिए हैं। महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव डा. राज धीमान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने चुनावी वायदे पूर्ण करने आरंभ कर दिए हैं। नादौन से स्वर्गीय नारायण चंद पराशर के बाद सुखविंदर सिंह ठाकुर के रूप में बड़ा प्रतिनिधित्व मिला है। 12 अप्रैल को नादौन पहुंचने पर महिला कांग्रेस की ओर से सुक्खू का भव्य स्वागत किया जाएगा। मीटिंग के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश रानी, महिला कांग्रेस की ब्लाक अध्यक्ष पूनम गौतम, आशा चौधरी, नगर पंचायत अध्यक्ष रीना देवी, संगठन की पूर्व महामंत्री इंदु बाला, पूर्व सचिव अनिता, बीडीसी सदस्य बबली, किरण बाला, सुलेखा, रचना तथा स्वर्णा देवी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
