
नादौन (हमीरपुर)। पंचायत बूणी में आधार कार्ड के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। शातिर सौ-सौ रुपये की राशि लेकर आधार कार्ड बनाने का दावा कर ठग गया। लोगों को आधार कार्ड नहीं मिले तो ठगी का अहसास हुआ। लोगों की मानें तो दर्जनों लोग ठगी का शिकार हुए हैं।
बूणी पंचायत के गांव गठरूं के ध्यान सिंह, वर्षा कुमारी, दीपक कुमार, राज कुमार, रोहित, प्रेम चंद, सावित्री देवी, शकुंतला देवी, सुरेंद्र कुमार, शीला देवी, पूजा देवी तथा गांव रलां दी बाहल से कविता देवी, मीना देवी ने बताया कि गांव में मार्च के अंतिम सप्ताह में एक व्यक्ति आया। उसने स्वयं को आधार कार्ड बनाने वाली कंपनी का अधिकारी बताया। साथ कुछ मशीनें लेकर आया था, जिससे फोटो खींचने के साथ ही अंगुलियों के निशान ले रहा था। गांव में लोगों से 100 रुपये प्रति आधार कार्ड लेकर दर्जनों ग्रामीणों का पंजीकरण कर दिया। उसने कुछ को पंजीकरण की स्लिप दी और कुछ को बिना स्लिप दिए ही राशि लेकर चलता बना। ग्रामीणों का कहना है कि आधार कार्ड बनाने का सिलसिला काफी दिनों तक चलता रहा परंतु अभी तक किसी का भी आधार कार्ड बनकर नहीं आया है और ठगी का अंदेशा हो रहा है।
प्रशासन की ओर से ऐसा कोई भी अधिकारी, कर्मचारी नियुक्त नहीं किया गया था, जो घर-घर जाकर आधार कार्ड बनाए और पैसे ले। आधार कार्ड बनाना बिल्कुल निशुल्क प्रक्रिया है तथा यदि कोई पैसे मांगता है तो गैर कानूनी है। यदि कोई व्यक्ति आधार कार्ड बनाने की शिकायत लेकर आता है तो आवश्यक कार्रवाई अमल में लाएंगे।
-आशीष सिंहमार, डीसी हमीरपुर
