
हमीरपुर। अब बुजुर्गों का स्वास्थ्य बीमा होगा। इसके लिए न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी ने कदम बढ़ाए हैं। कंपनी दिसंबर माह तक नई पॉलिसी लेकर आएगी। इस जद में 65 से 75 आयु वर्ग के बुजुर्गों को लाभ मिल सकेगा। कंपनी ने इस संबंध में कवायद शुरू कर दी है। कंपनी प्रबंधन की माने तो अभी तक इस आयु वर्ग के स्वास्थ्य बीमा को लेकर कोई पॉलिसी नहीं थी।
स्वास्थ्य बीमा क्षेत्र को विस्तार देने के लिए आकर्षक फैमिली फ्लोटर प्लान उतारा गया है। इसके तहत परिवार के सदस्यों की कुल बीमा राशि को आवश्यकता पड़ने पर एक सदस्य पर खर्च किया जा सकता है। यानी परिवार के चार सदस्य एक-एक लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर लेते हैं, तो फैमिली फ्लोटर में जरूरत पड़ने पर एक सदस्य पर चार लाख रुपये तक की राशि खर्च की जा सकती है, जबकि दूसरी पालिसी में एक लाख की सीमा ही निर्धारित रहती है। प्रीमियम अवश्य 20-25 प्रतिशत अधिक देना पड़ता है।
सरकारी सामान्य बीमा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी न्यू इंडिया इंश्योरेंस के महाप्रबंधक पी नायक ने बताया कि अभी केवल 15-20 प्रतिशत सामान्य क्षेत्र ही स्वास्थ्य बीमा के तहत कवर हो रहा है। कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों में विस्तार के लिए योजना तैयार कर रही है। मार्च से पूर्व तक देशभर में 461 माइक्रो ऑफिस खोले जाएंगे। अगले पांच साल के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच बनाने की योजना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य बीमा क्षेत्र में विभिन्न वर्गों को देखते हुए नौ आकर्षक पॉलिसी बाजार में उतारी जाएंगी। इसकी प्रक्रिया चल रही है तथा आईआरडीए से अप्रूवल के पश्चात दिसंबर में लांच कर दी जाएंगी।
