
कुल्लू। देवी-देवता कारदार संघ ने देवी-देवताओं की नजराना राशि में 20 फीसदी बढ़ोतरी की मांग की है। मौहल्ले के दिन देव सदन पहुंचने पर देवी-देवता कारदार संघ ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और सांसद प्रतिभा सिंह का भव्य स्वागत। इस दौरान देव समस्याओं से संबंधित सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। दशहरा उत्सव में भाग लेने आए 236 देवी तथा देवताओं के लिए प्रदेश तथा केंद्र सरकार से 35 लाख का बजट देने पर संघ ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा केंद्रीय मंत्री चंद्रेश कुमारी का आभार व्यक्त किया है।
संघ के महासचिव टीसी महंत ने बताया कि जिलाध्यक्ष दोत राम की अगुवाई में सात सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा। इसमें साल 2006-07 के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की ओर से घोषित साढ़े बारह करोड़ रुपये के रिवाल्विंग फंड को जारी करने, भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से पिछले 30 वर्षों से दी जाने वाली मंदिरों के लिए दी जाने वाली राशि को 25 हजार से तीन लाख करने, कारदारों की ओर से देव स्थलों में किए जाने वाले निर्माण कार्यों के लिए विकास में जन सहयोग योजना में धनराशि संबंधित देवी देवताओं के कारदारों की अध्यक्षता वाली कमेटी को देने, दशहरा के दौरान देवी तथा देवताओं को 20 प्रतिशत बढ़ी हुई दर से नजराना राशि देने, बजंतरी प्रोत्साहन भत्ता दिलवाने तथा देवी देवताओं के मंदिरों देवालयों के नव निर्माण के लिए देवताओं के पुश्तैनी जंगलों से एकमुश्त इमारती लकड़ी (टीडी) उपलब्ध करवाने की मांग मुख्यमंत्री से की गई
