बीस करोड़ से बनेगा यहां कॉलेज भवन

cm virbhadra singh on a visit to rampur.
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रामपुर दौरे के दूसरे दिन ननखड़ी में 20 करोड़ की लागत से बनने वाले कॉलेज की आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने सब पढ़ें सब बढ़ें का नारा भी दिया । उन्होंने ननखड़ी क्षेत्र को साडा के तहत लाने की भी घोषणा। ताकि क्षेत्र में विकास और निर्माण कार्य योजनाबद्ध तरीके से किए जा सकें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को जल्द ही सीवरेज से जोड़ा जाएगा।

साडा अध्यक्ष एवं एसडीएम रामपुर की देखरेख में ही सभी विकास कार्य करवाए जा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कॉलेज की आधारशिला रखने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए घर द्वार पर ही उच्च शिक्षा मुहैया करवाने के लिए कृतसंकल्प है।

प्रदेश सरकार ने विभिन्न ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में 15 कॉलेज खोले हैं। और साथ ही बजट का भी प्रावधान किया है। वहीं, ननखड़ी क्षेत्र में 13 वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाएं खोली हैं जो सरकार की शिक्षा के प्रति गंभीरता को दर्शा रही है।

उन्होंने छात्राओं की शिक्षा पर भी बल दिया और कहा कि सिरमौर के शिलाई कॉलेज में कुल छात्रोें की संख्या 600 है, जिनमें 400 छात्राएं शामिल है। जो हर्ष का विषय है। वहीं मुख्यमंत्री ने 45 लाख रुपये की लागत से बने वन विभाग के भवन का उद्घाटन भी किया। उन्होंने वन विभाग की भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों पर गहरी चिंता व्यक्त की।

इस अवसर पर ट्रक ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष केहर सिंह मेहता ने एक लाख एक हजार रुपये व व्यापार मंडल ननखड़ी के दर्शन ठाकुर ने 51 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में भेंट किए। इस मौके पर सीपीएस ने टिक्कर खमाडी सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के लिए काम आवंटित करने और बीएमओ ननखड़ी की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर उपायुक्त शिमला दिनेश मल्होत्रा, एसपी शिमला डीडब्लयू नेगी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण केहर सिंह खाची, एसडीएम रामपुर दलीप नेगी, बीएमओ ननखड़ी डा. राजस्वी आजाद, डीएसपी रामपुर सोमदत्त, कैलाश फेडरेशन अध्यक्ष बृज लाल मौजूद रहे।

बहुउद्देशीय हॉल जनता को समर्पित
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोमवार देर शाम रामपुर में 25 लाख रुपये की लागत से बने बहुउद्देशीय हॉल का लोकार्पण किया। इस मौके पर सीपीएस नंदलाल भी उपस्थित रहे। नगर परिषद के लिए यह हॉल अतिरिक्त कमाई का जरिया बनकर उभरेगा।

नगर परिषद ने इस हॉल का प्रतिदिन का किराया 6500 रुपये तय किया है। इस हॉल को मुख्यमंत्री ने जनता को समर्पित करते हुए कहा कि रामपुर में इस तरह के हॉल की काफी जरूरत थी। यहां पर नगर परिषद अध्यक्ष दीपक सूद, कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी सहित सभी पार्षदों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने हॉल का विधिवत उदघाट्न किया। नगर परिषद रामपुर के अध्यक्ष दीपक सूद ने बताया कि हॉल बनने से स्थानीय लोगों के साथ साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी सुविधा मिलेगी। वहीं, नप की आमदनी भी बढ़ेगी। इस मौके पर नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता बीएस ठाकुर, इस भवन निर्माण के ठेकेदार विनोद चौहान, पार्षद राजेश गुप्ता, सीमा गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related posts