बीसीए में सीट की दौड़ शुक्रवार से

नई दिल्ली। आईपी यूनिवर्सिटी में बीसीए डिग्री प्रोग्राम में दाखिलों की दौड़ शुक्रवार से शुरू हो रही है। बीसीए डिग्री प्रोग्राम में दाखिलों के लिए काउंसलिंग दो चरणों में होगी। पहले चरण में प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी। जबकि दूसरे चरण में सीटें अलॉट की जाएंगी। यूनिवर्सिटी के एडमिशन रजिस्ट्रार कर्नल पीके उपमन्यु के अनुसार काउंसलिंग 12 से 25 जुलाई तक चलेगी। काउंसलिंग के पहले दिन शुक्रवार को आरक्षित वर्ग व कश्मीरी माइग्रेंट और शनिवार को डिफेंस कोटे के तहत छात्रों के प्रमाण पत्रों की जांच होगी। जबकि सामान्य सीटों पर दाखिले की दौड़ 15 से 25 जुलाई तक जारी रहेगी। इस दौरान एक से लेकर 4225 रैंक हासिल करने वाले छात्रों को काउंसलिंग में शामिल होने का मौका मिलेगा। यदि 25 जुलाई की बाद सीटें बच जाती हैं तो 4225 से कम रैंक लाने वाले छात्रों को दाखिलों के लिए बुलाया जा सकता है। कर्नल उपमन्यु के अनुसार, काउंसलिंग में भाग लेने वाले सभी छात्रों को 10वीं,12वीं के मूल प्रमाण पत्रों के साथ फोटो कॉपी भी लानी होगी। काउंसलिंग के दौरान आईपीयू रजिस्ट्रार के नाम पर 40 हजार रुपये फीस का डिमांड ड्राफ्ट जमा करवाना भी अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि छात्रों को डिमांड ड्राफ्ट के पीछे अपना नाम, रोल नंबर, सीईटी नंबर व रैंक के साथ प्रोग्राम नाम व कोड लिखना होगा।

Related posts