
कुल्लू। बाह्य सिराज में एक महिला ने बीमा कंपनी के एजेंट पर ठगी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर एजेंट के खिलाफ भादंसं की धारा 420 और 467 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज करवाई गई एफआईआर में महिला ने कहा है कि उसने एक वाहन बीमा कंपनी से अपने वाहन का बीमा करवाया था। उन्होंने एक कंपनी के एजेंट को 26 मई 2014 को जीप की बीमा राशि नकद दी थी, लेकिन पिछले दिनों उनके वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जब उन्होंने कंपनी में क्षतिग्रस्त वाहन की मरम्मत के लिए हर्जाना मांगा तो कंपनी ने हर्जाना देने से इनकार कर दिया। कंपनी ने कहा कि आपके वाहन की बीमा राशि ही जमा नहीं है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत पर एजेंट से भी पूछताछ की जा रही है। मामले में क्या है, यह तो छानबीन के बाद ही पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन का जिम्मा ब्रौ थाना में तैनात एसएचओ संतोष कुमार को सौंपा गया है।
मणिकर्ण में पर्यटक से छेड़छाड़ पर मामला दर्ज
कुल्लू। मणिकर्ण में कुल्लू-मनाली घूमने आई सैलानी महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पर्यटक के खिलाफ भादंसं की धारा 354 ए, 323 और 506 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला पर्यटक ने कहा है कि 22 जून को मनाली घूमने आए थे। 24 जून को वह अपने साथियों के साथ मणिकर्ण घूमने गए। जब साढ़े नौ बजे होटल में पहुंचे तो उस दौरान एक शख्स होटल में घुसा और छेड़छाड़ करने लगा। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने महिला पर्यटक की शिकायत पर मामला दर्ज कर शख्स की पहचान के लिए लिए पूछताछ शुरू कर दी है।
