
टाहलीवाल (ऊना)। औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल के साथ सटे मोहल्ले में लोग करीब एक माह से गंदा पानी पीने को विवश हैं। यह पानी भी आईपीएच विभाग मुहैया करवा रहा है। नलों में मटमैला पानी आने से लोग परेशान हैं। सुबह पीने क ा पानी भरते समय लोग चुनरी या चाय छानने की छाननी लगाकर पानी भर रहे हैं, ताकि मिट्टी आदि बाल्टी में न आए। इसके बाबजूद मटमैला, बदबूदार पानी मटकों में आ रहा है। लोगों ने कहा है कि अगर उनकी इस समस्या का हल शीघ्र न किया गया तो आंदोलन भी करेंगे।
लोगों ने कहा कि पानी भरने के बाद भी भरी बाल्टी को करीब एक घंटे तक इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। एक घंटे बाद भी बाल्टी में पानी का रंग भूरा ही रहता है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि पिछले एक माह से उन्हें ऐसा ही गंदा पानी पीने को दिया जा रहा है। कई बार विभागीय अधिकरियों को इस बारे में अवगत करवाया गया है, लेकिन विभाग के अधिकारी इस मसले पर कोई भी हल निकालने को तैयार नहीं हैं। लोगों ने कहा कि जिस रिग के टैंक से उन्हें पानी दिया जा रहा है, वह भी खुला है तथा टैंक से सप्लाई पाइप किसी सेप्टिक टैंक के साथ जुड़ गई है। रोज गंदा व बदबूदार पानी आता है।
मोहल्ला निवासी बूटा मल्ल, राकेश कुमार, रमेश कुमार, दिलबाग सिंह, राज कुमार, तेजा राम, गुरमुख सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने पंचायत प्रधान अर्जुन सिंह को मौका दिखाकर टाहलीवाल में ही विभाग के कार्यालय में किसी भी अधिकारी के न होने के कारण शिकायत रजिस्टर पर शिकायत दर्ज करवा दी है।
इस संबंध में विभाग के कनिष्ठ अभियंता एनके शर्मा ने बताया कि वह किसी कार्य के कारण बाहर हैं। इस संबंध में जानकारी मिलते ही कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है। बुधवार सुबह स्वयं मौके जाएंगे। नलों में गंदा पानी आने के कारणों का पता लगाकर इसे ठीक किया जाएगा।
