बीडीओ नादौन के खिलाफ मोरचा

नादौन (हमीरपुर)। विकास खंड नादौन की ग्वालपत्थर तथा हथोल पंचायत के लोगों ने बीडीओ नादौन पर अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने फोन पर हुई बातचीत में बीडीओ पर अभद्र शब्दों के प्रयोग का आरोप जड़ा है। ग्रामीणों ने एसडीएम नादौन को इस बारे शिकायत की है। लोगों ने धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
सतीश कुमार, पवन कुमार गांव बलोह, पवन कुमार गांव टकरूं, संजीव कुमार भराड़ता, देव राज बढेड़ा, राज कुमार टकरूं, अंगजपाल त्योंगली, ज्ञान चंद बलोह, निक्की देवी पौंखर, बिंदू शर्मा टकरूं, सुनीता कुमारी बलोह, सरिता कुमारी बलोह, संतोष कुमारी बलोह तथा सुनील कुमार बढेड़ा ने बताया कि गांव बलोह में मनरेगा से वाटर स्टोरेज टैंक के निर्माण के लिए चार माह पहले 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया है लेकिन इसके बाद से काम बंद कर दिया गया है। मकान तथा राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है।
जब बीडीओ कार्यालय तथा संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की जाती है तो टालमटोल का जवाब मिलता है। बीडीओ नादौन से फोन पर मकान को खतरा होने की बात कही तो बीडीओ ने अभद्र शब्दों को प्रयोग किया तथा फोन काट दिया। उधर, बीडीओ संजीव ठाकुर ने ग्रामीणों के सभी आरोपों को नकार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायतों के आनलाइन होने के चलते पूरे ब्लाक में ही मनरेगा का कार्य नहीं हो पा रहा है । एसडीएम नादौन बलवीर ठाकुर ने बताया कि शिकायत मिली है।

Related posts