बीडीओ नग्गर के मुद्दे पर सियासत तेज

पतलीकूहल (कुल्लू)। बीडीओ नग्गर के तबादले को लेकर सियासत गरमा उठी है। एक ओर जहां बीडीसी सदस्यों ने बीडीओ के स्थानांतरण होने तक नियमित बैठकों के बहिष्कार का ऐलान कर रखा है वहीं मनाली विकास मंच अब बीडीओ के समर्थन में उतर आया है।
मंच के उपाध्यक्ष देवेंद्र नेगी ने कहा कि बीडीओ जीसी बैंस एक ईमानदार और स्वच्छ छवि के अधिकारी हैं। उनके कार्यकाल में इलाके का भरपूर विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा से संबद्ध चंद बीडीसी मेंबर बीडीओ पर गैरकानूनी तरीके से सीमा से बाहर जाकर मीटिंग हॉल में माइक्रोफोन और माइक स्थापित करने का दबाव डाल रहे हैं। कहा कि बीडीओ और डीपीओ पंद्रह हजार से ज्यादा का बिल पास नहीं कर सकते। भाजपा के बीडीसी मेंबर अपने चहेते ठेकेदार को अनुचित लाभ पहुंचाने के मकसद से बगैर टेंडर के ही 75 हजार रुपये के माइक्रोफोन लगाने पर अडे़ हैं। इतना ही नहीं बीडीओ को नाफरमानी के लिए ट्रांसफर का भय भी दिखाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मनाली विकास मंच इस कृत्य की भर्त्सना करता है। विकास मंच की बैठक में धर्मवीर धामी, मानचंद, अनुराग ठाकुर और नवीन तनवर की मौजूदगी में एक प्रस्ताव पारित कर सीएम वीरभद्र सिंह को भेजा है। इसमें कहा गया कि बीडीओ को इस स्टेशन पर अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है। लिहाजा उनका कार्यकाल पूरा होने तक किसी भी सूरत में उनका तबादला न किया जाए।

Related posts