
मनाली (कुल्लू)। स्वास्थ्य विभाग ने पर्यटन नगरी मनाली में औचक निरीक्षण कर 23 चालान काटे हैं। बीएमओ नग्गर डॉ. पलजोर और आबकारी एवं कराधान विभाग के निरीक्षक राजीव शर्मा द्वारा की गई इस संयुक्त छापामारी से पर्यटन नगरी मनाली के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। निरीक्षक टीम ने मनाली के करीब 23 दुकानदारों पर शिकंजा कसा तथा चालान काटे। बीएमओ नग्गर डॉ. पलजोर ने बताया कि शुक्रवार को हुए इस निरीक्षण के दौरान 23 दुकानदारों के कोटपा के तहत चलान काटे गए हैं तथा पांच हजार रुपये राजस्व भी वसूला गया है। उन्होंने बताया कि स्कूल के नजदीक बीड़ी और सिगरेट बेचने वाले दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। बीएमओ ने बताया कि कोटपा को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है तथा कानून का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के चलान काटे जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्हें हिदायत भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग लोगों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि कोटपा के तहत स्कूलों और धार्मिक संस्थानों में सौ मीटर की दूरी पर कोई भी दुकानदार बीड़ी-सिगरेट नहीं बेच सकता। अगर दुकानदार बेचते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी
