बीटेक छात्रा की संदिग्ध हालत में मौत

थानाकलां/बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के गांव भलेती के पास हमीरपुर की 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। लोगों ने उसे गंभीर अवस्था में सड़क किनारे बेसुध पड़े देखकर एंबुलेंस को सूचित किया। लेकिन सीएचसी बंगाणा पहुंचते ही युवती की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने खुद जहर निगला या किसी ने खिलाया।
जानकारी के अनुसार पूनम पुत्री सतपाल शर्मा गांव डोडवीं तहसील नादौन जिला हमीरपुर की रहने वाली थी। वह एमआईटी बणी में बीटेक फाइनल की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार वीरवार सुबह ही घर से 26 हजार रुपये फीस लेकर आई थी। लेकिन पूनम बणी के बजाय बंगाणा कैसे पहुंची तथा किस कारण जहरीला पदार्थ निगला, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। 26 हजार रुपये भी उसके पर्स में नहीं थे। पुलिस तलाशी के दौरान उसके पर्स से मात्र 1510 रुपये मिले। अब संशय यह है कि पूनम ने जहरीला पदार्थ खुद निगला या उसे किसी ने कुछ खिलाया है। पूनम सुबह घर से आई तो डोडवीं से पहला स्टेशन एमआईटी बणी आता है। फिर पूनम बंगाणा कैसे पहुंची? पुलिस ने फिलहाल पूनम के शव को अपने कब्जे में लेकर मामला दर्ज करके गहनता से छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस भी इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है कि वह बंगाणा में कैसे पहुंची? किस कारण उसने जहरीला पदार्थ निगला? 26 हजार रुपये कहां गए? पुलिस क ा कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के पीछे रहे सही कारणों का पता चल सकेगा। थाना प्रभारी बंगाणा रामदास कौशल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि उसने फीस जमा करवा दी है या नहीं।

लड़की ने कहा था, किसी ने कुछ खिला दिया
परिजनों का कहना है कि बुधवार को लड़की को उसकी सहेली का फोन आया कि वीरवार को फीस जमा करवाने का आखिरी दिन है। ऐसे मेें पूनम 26 हजार रुपये लेकर घर से निकली। लेकिन वह शिक्षण संस्थान नहीं पहुंची। सलौणी से वह बंगाणा के पास कहलवीं गांव में बस से उतरी और घरवालों को फोन किया कि किसी ने उसे कुछ खिला दिया है। इसके बाद वह बेसुध होकर गिर गई और उसका मोबाइल भी गिर गया। इस पर उसी गांव की महिला ने फोन उठाया और परिजनों से कहा कि उनकी बेटी की तबीयत ठीक नहीं है। परिजनों ने कहा कि आप किसी तरह उसे अस्पताल पहुंचाएं। लेकिन बंगाणा अस्पताल तक पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। परिजनों का यह भी कहना है कि ऐसी कोई बात नहीं थी कि वह जहर खा ले।

Related posts