बीटन में फंदे पर झूला युवक

दुलैहड़ (ऊना)। क्षेत्र के तहत पड़ती ग्राम पंचायत बीटन में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। घटना के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है। बताया जा रहा है कि युवक की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसे पुलिस अधिकारियों ने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीटन में रह रहे कांगड़ा जिला के करेरी गांव निवासी 22 वर्षीय युवक कंवलजीत पुत्र आत्मा राम ने बीटन स्थित अपने भाई के किराए के कमरे के पास स्थित एक पेड़ पर फंदा लगा करआत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि कंवलजीत बीटेक तक शिक्षित था। लगभग एक सप्ताह पहले ही वह अपने भाई के पास बीटन आया था। कंवलजीत का भाई टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र की एक इकाई में कार्यरत है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रात लगभग 11 से 12 बजे के बीच प्लास्टिक की रस्सी से वृक्ष पर फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह मामले की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत बीटन के उपप्रधान पवन बीटन ने पुलिस को सूचित किया। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी हैड क्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि मृतक मानसिक तौर पर परेशान था और इसी की वजह से उसने फंदा लगाकर आत्महत्या की। उन्होंने बताया कि मृतक ने पत्र में भी अपने तनावग्रस्त होने के संदर्भ में लिखा था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर ली है। छानबीन आरंभ कर दी गई है।

Related posts