
काईस (कुल्लू)। काईस क्षेत्र के बिष्टबेहड़ गांव में दो सप्ताह से पानी की आपूर्ति न होने से ग्रामीण परेशान हैं। यही नहीं ग्रामीणों को मजबूरन काईस नाले का पानी भी पीना पड़ रहा है। यह नाला बेहद गंदा है। यह पीने के योग्य नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि इस नाले में लोग मरे हुए जानवरों को फेंका जाता है। इस कारण गांव में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस बारे उन्होंने विभाग से शिकायत की है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अब ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग को चेतावनी है कि दो दिन के भीतर पानी की सप्लाई नहीं हुई तो वह खाली बर्तनों के साथ विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे। ग्रामीण गुड्डू भास्कर, पूर्व वार्ड पंच परमानंद, गौतम राम, टेक चंद, कमला देवी, मदन लाल, कर्णपाल और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि विभाग के अधिकारियों को सूचित करने पर भी कोई कदम नहीं उठाए जा रहे। उन्होंने विभाग से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति दुरुस्त करें अन्यथा लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने विभाग को चेताया कि गांव के लोग अशुद्ध पानी पीने से बीमार हुए तो इसके लिए विभाग जिम्मेवार होगा। आईपीएच के सहायक अभियंता विवेक हाजरी ने बताया कि विभाग को लिखित शिकायत नहीं मिली है। बताया कि अगर ऐसा है तो समस्याओं का हल करवा दिया जाएगा।
