बिल जमा न करवाया तो छाएगा अंधेरा

ज्वालामुखी (कांगड़ा)। मंदिर न्यास द्वारा बनाए गए यात्री निवास में शिफ्ट हुए अस्पताल का बिजली बिल पिछले कुछ माह से जमा नहीं हुआ है। इस कारण अब विद्युत बोर्ड अस्पताल का कनेक्शन काटने जा रहा है। इसे लेकर विद्युत बोर्ड ने अस्पताल प्रशासन को नोटिस भेज दिया है।
बिल अदायगी को लेकर अस्पताल प्रशासन का तर्क है कि मीटर अस्पताल के नाम नहीं है। इस कारण बिल की अदायगी नहीं हो सकती। वहीं, मंदिर न्यास ने भी स्पष्ट किया है कि बिजली अस्पताल प्रशासन प्रयोग कर रहा है। ऐसे में बिल अस्पताल को ही अदा करना होगा। मंदिर न्यास बिजली के बिल का भुगतान लंबे अरसे से नहीं कर रहा है। इस कारण अब अस्पताल प्रशासन ने 40 हजार रुपये के करीब बिल अदा करना है। बोर्ड बिजली का कनेक्शन काटता है तो स्टाफ और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और एक्सरे करवाने में भी दिक्कतें पेश आ सकती हैं। वहीं, खंड चिकित्सा अधिकारी डा. विवेक सूद का कहना है कि अस्पताल का मीटर अस्पताल के नाम पर नहीं लगा है। इस कारण बिजली के बिल की अदायगी नहीं हो सकती। मंदिर अधिकारी सुरेंद्र शर्मा का कहना है कि जब से यात्री निवास में अस्पताल चल रहा है, तब से अस्पताल ही बिजली उपयोग कर रहा है। ऐसे में बिजली की अदायगी अस्पताल प्रशासन को करनी होगी।

बिल न देने पर कटेगा मीटर : एसडीओ
विद्युत बोर्ड ज्वालामुखी के एसडीओ सुभाष गुलेरिया का कहना है कि मीटर मंदिर के नाम पर है, लंबे समय से बिल की अदायगी नहीं हो रही है। अब बिल जमा करवाने के लिए नोटिस भेजा गया है। बिल जमा न होने पर कनेक्शन काट दिया जाएगा।

Related posts